शिवराज सरकार ने की बिजली बिल में माफी की घोषणा
मध्यप्रदेश सरकार ने बिजली के बकाया बिलों पर बड़ी राहत दी है। एकमुश्त बकाया बिल चुकाने पर 40% छूट मिलेगी। किस्तों में चुकाने पर भी 25% राहत उपलब्ध रहेगी।

मध्यप्रदेश सरकार ने बिजली के बकाया बिलों को लेकर बड़े फैसले किए हैं। इसके तहत बकाया बिल भरने वालों को विशेष राहत दी गई है। अगर पूरा बिल एकमुश्त जमा किया जाता है तो उस पर सरचार्ज माफ होगा। साथ ही 40% की छूट भी दी जाएगी। अगर एकमुश्त जमा नहीं कर सकते तो एक साल में छह किस्तों में बिल जमा किया जा सकेगा। इस पर 25% की छूट रहेगी। सरचार्ज भी माफ होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को मध्यप्रदेश कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक के बाद गृहमंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा ने कैबिनेट फैसलों की जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों को लेकर किया गया फैसला लोगों को राहत देगा। अगर किसी का बकाया बिजली बिल 1000 रुपये है तो उसे 40% राहत के साथ 600 रुपये ही जमा करने होंगे। एकमुश्त राशि जमा नहीं कर सकते तो किस्तों में भी बकाया बिल जमा किया जा सकेगा। इस पर भी सरचार्ज से राहत दी गई है।

Subscribe to my channel



