स्टेयरिंग फेल होने से खेत में घुसी बस, 15 यात्री घायल, CCTV में कैद हुआ हादसा
बड़वानी में तेज रफ्तार बस बेकाबू होकर खेत में उतरी, स्टेयरिंग फेल होने से हुआ हादसा, 15 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी.

बड़वानी: बड़वानी-खंडवा बड़ोदा स्टेट हाईवे पर शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया. राजपुर स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास खरगोन से बड़वानी की ओर आ रही अमन ट्रैवेल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में उतर गई. हादसे में करीब 15 से 16 यात्री घायल हो गए. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
स्टेयरिंग फेल होने से खेत में उतरी बस
जानकारी के अनुसार, बस का स्टेयरिंग सिस्टम अचानक फेल हो जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया. जिसके बाद बस सीधे सड़क किनारे खेत में जा घुसी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया. सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया है.

Subscribe to my channel



