दो बार नलकूप खनन और पाइपलाइन बिछाने के बाद भी नहीं पहुंचा पानी, नल जल योजना पर उठे सवाल
गहतौली गांव में ग्रामीण परेशान, बारिश में खोदे गए रास्तों से आवागमन भी हुआ मुश्किल

मुरैना। जिले की जनपद पंचायत पहाड़गढ़ के ग्राम गहतौली में नल जल योजना की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में दो बार नलकूप खनन कराया गया और पाइपलाइन भी बिछाई गई, लेकिन इसके बावजूद आज तक नलों की टोंटियां नहीं लगाई गईं और पाइपलाइन में पानी भी नहीं पहुंचा। ग्रामीणों के अनुसार, योजना का उद्देश्य घर-घर पानी पहुंचाना था, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है। लोगों को अभी भी पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की ओर न तो जनप्रतिनिधियों ने पर्याप्त ध्यान दिया और न ही संबंधित जिम्मेदारों ने योजना को पूरी तरह से चालू कराने की गंभीरता दिखाई।
पाइपलाइन के लिए खोदे रास्ते, बारिश में बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों की एक और बड़ी समस्या पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदे गए आम रास्तों को लेकर है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा पाइपलाइन बिछाने के नाम पर रास्तों को खोद दिया गया, लेकिन उन्हें व्यवस्थित तरीके से दुरुस्त नहीं किया गया। भारी बारिश के चलते इन रास्तों पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन रही है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब योजना पर काम किया गया तो उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही घरों तक पानी पहुंचेगा, लेकिन लंबे समय बाद भी उन्हें इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया है।
जिम्मेदारों से जवाब की मांग
गहतौली के ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से नल जल योजना के कार्य की जांच कराने, पाइपलाइन में पानी की आपूर्ति शुरू कराने तथा खोदे गए रास्तों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। अब सवाल यह है कि जब नलकूप खनन और पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा चुका है, तो आखिर ग्रामीणों के घरों तक पानी कब पहुंचेगा? ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले में जल्द संज्ञान लेकर योजना को धरातल पर उतारने की कार्रवाई करेगा।

Subscribe to my channel



