कलेक्टर ने पहाड़गढ़ में बालक एवं बालिका छात्रावास का किया औचक निरीक्षण
सभी व्यवस्थाओं का लिया जायजा, कमियां दूर करने के दिए निर्देश छात्रावास की व्यवस्थाओं में लापरवाही पर अधीक्षिका श्रीमती सपना शर्मा निलंबित

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत पहाड़गढ़ में आयोजित शिविर के दौरान कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने राजा शंकरशाह रघुनाथ शाह शासकीय आदिवासी बालक आश्रम तथा वीरांगना दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम, पहाड़गढ़ का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध आवासीय, शैक्षणिक, भोजन, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान छात्रावासों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। बालक छात्रावास में खिड़कियों की मरम्मत एवं कांच लगवाने, पलंगों की संख्या बढ़ाने तथा एक पलंग पर एक ही छात्र को रखने के निर्देश दिए। सभी खिड़कियों में अच्छी गुणवत्ता की मच्छरदानियां लगवाने तथा छात्रावास में आवश्यक मूलभूत रख-रखाव के कार्य भी प्राथमिकता से कराने को कहा। उन्होंने एफएलएन कक्ष का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
बालिका छात्रावास के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्राओं की उपस्थिति, पढ़ाई एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कुछ छात्राएं अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने उपस्थिति व्यवस्था की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। छात्रावास के सभी कमरों में पर्याप्त मच्छरदानियां उपलब्ध कराने के निर्देश जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए।
कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर पुस्तक एवं बैग की उपलब्धता, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, स्नान, कपड़े धोने, शौचालय, बिस्तर एवं खेल सामग्री सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने छात्रावास परिसर में घास एवं झाड़ियों की नियमित सफाई कराने तथा महिला कर्मचारी एवं ग्राम रोजगार सहायक की उपस्थिति में सफाई कार्य सुनिश्चित कराने को कहा। रसोई की नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल फिल्टर, शौचालय, स्नान एवं कपड़े धोने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने नियमित कक्षाओं के संचालन, शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की पढ़ाई, खेल सामग्री एवं अध्ययन सामग्री की उपलब्धता की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण मिलना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास की व्यवस्थाओं में लापरवाही एवं आवश्यक सुविधाओं के समुचित संचालन में कमी पाए जाने पर कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती सपना शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र-छात्राओं की सुविधाओं, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं शिक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी कमियों को प्राथमिकता से दूर कर व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए तथा छात्रावासों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, एसडीएम जौरा श्री शुभम शर्मा उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel



