घटिया खाने का विरोध करने पर छात्र की पिटाई, गुना में भड़के छात्रों ने की प्रिंसिपल हटाने की मांग

प्रदेश के गुना जिले के बजरंगगढ़ स्थित नवोदय विद्यालय में छात्रों ने हंगामा कर दिया। घटिया खाने के विरोध पर प्रिंसिपल द्वारा 10वीं के एक छात्र की बेरहमी से की गई पिटाई के बाद छात्र भड़क गए। प्राचार्य को हटाने की मांग पर अड़े 9वीं से 12वीं तक के छात्रों ने खुद को हॉस्टल में अंदर से बंद कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान छात्रों ने प्रिंसिपल को नहीं हटाए जाने तक हॉस्टल के अंदर ही सामूहिक तौर पर बंद रहने और खुद को नुकसान पहुंचाने जैसी धमकी तक दे डाली। मामला गरमाने के बाद कलेक्टर ने कमेटी गठित कर जांच के लिए भेजी है। घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन ने नवोदय अध्यक्ष कलेक्टर को दी। कलेक्टर की सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार नरेंद्र सिंह यादव और थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार के बिलखते हुए बच्चों को समझाने में पसीने छूट गए। करीब डेढ़ घंटे तक किसी तरह से छात्रों को समझा- बुझाकर भरोसे में लिया और गेट खुलवाए। तब कहीं जाकर हंगामा शांत हुआ। घटनाक्रम रविवार शाम चार से रात 8 बजे तक चला। हैरानी की बात यह है कि, इस मामले को विद्यालय प्रबंधन से लेकर जिम्मेदार दबाए बैठे गए। मामला भोपाल तक पहुंचने से हडक़ंप मच गया।

Subscribe to my channel



