मोहन यादव के मकान पर लगा लाल निशान, उज्जैन नगर निगम तोड़ेगी आधा हिस्सा
सिंहस्थ 2028 के लिए उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का काम, जद में आया सीएम मोहन यादव और भाजपा नगर उपाध्यक्ष का मकान.

सिंहस्थ 2028 को लेकर उज्जैन में विकास के काम बहुत तेजी से हो रहे हैं. इसी क्रम में पुराने शहर में सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया मास्टर प्लान के तहत शुरू कर दी गई है. कई क्षेत्रों में काम पूरे भी हो गए हैं, तो कई क्षेत्रों में कार्यों की शुरुआत होने जा रही है. इसी क्रम में खजूर वाली मस्जिद से लेकर अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर मार्ग को चौड़ा किया जाना है.
खास बात यह है कि इस चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, नगर निगम सभापति कलावति यादव, भाजपा नगर महामंत्री जगदीश पांचाल का अब्दालपूरा स्थित पुश्तैनी मकान भी है. यानी जिस विकास योजना में शहर के दूसरे परिवारों के भवन प्रभावित हो रहे हैं, उस प्रक्रिया में मुख्यमंत्री का परिवार भी गुजर रहा है.
नगर निगम कमिश्नर अभिलाष मिश्रा ने बताया कि “सीएम डॉ मोहन यादव, जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और संभागायुक्त आशीष सिंह के निर्देशन में खजूर वाली मस्जिद से लेकर गणेश चौक तक 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा. जिसकी लागत लगभग 9.80 करोड़ रुपए है. इस प्रोजेक्ट की जद में 272 भवन की सूची सामने आई है. नगर निगम ने नपती और प्रभावित हिस्सों पर मार्किंग शुरू कर दी है. जल्द ही आगे की कार्रवाई पूरी करेंगे.
सभी रहवासियों का अच्छा रिस्पांस पहले भी रहा है और अभी भी है. लोग आगे होकर मकान तोड़ने की तैयारी में हैं और विकास कार्य को प्राथमिकता दे रहे हैं. आगामी जून जुलाई 2027 तक हम इस काम को पूरा कर देंगे.”

Subscribe to my channel



