ग्वालियर का एक ऐसा अस्पताल जहां गर्भवती महिलाओं को दिए जाते हैं मेवे के लड्डू
जयारोग्य अस्पताल की शासकीय किचन का औचक निरीक्षण, अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना ने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा

ग्वालियर। जयारोग्य चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को प्रतिदिन निशुल्क भोजन उपलब्ध कराने वाली शासकीय किचन का अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना ने औचक निरीक्षण किया। जयारोग्य अस्पताल के शासकीय किचिन में कमलाराजा अस्पताल में भर्ती गर्भवती माताओं को भोजन में मेवे के लड्डू दिए जाते हैं।
जयारोग्य अस्पताल अधीक्षक डॉ सुधीर सक्सेना ने किचिन निरीक्षण के दौरान वहां भोजन तैयार करने के स्थान, भोजन को मरीजों तक पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बर्तनों तथा खाद्य सामग्री की व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
अस्पताल अधीक्षक ने किचन में खाद्य सामग्री के स्टोर रूम, संबंधित रिकॉर्ड तथा अस्पताल के विभिन्न विभागों से आने वाली भोजन की डिमांड की भी जांच की। उन्होंने किचन परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा भोजन तैयार करने में स्वच्छ पेयजल का ही उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. सक्सेना ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चिकित्सालय में भर्ती सभी मरीजों को उपलब्ध कराया जाने वाला भोजन उच्च गुणवत्ता, पौष्टिकता और स्वच्छता के निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किया जाए। साथ ही भोजन निर्धारित समय पर अस्पताल के विभिन्न विभागों में भर्ती मरीजों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
मरीजों को प्रतिदिन उपलब्ध कराया जाता है पौष्टिक भोजन
जयारोग्य चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को सुबह और शाम चाय के साथ बिस्कुट उपलब्ध कराए जाते हैं। नाश्ते में पोहा, उपमा एवं दूध दिया जाता है। इसके अलावा दोपहर एवं रात्रि में पौष्टिक भोजन के रूप में सलाद, रोटी, दाल, चावल, सब्जी एवं दलिया उपलब्ध कराया जाता है।
जिन मरीजों को विशेष डाइट की आवश्यकता होती है, उनके लिए अधिक प्रोटीन एवं कैलोरी युक्त भोजन की व्यवस्था की जाती है। वहीं जननी सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं, एनआरसी तथा एसएनसीयू में भर्ती बच्चों की माताओं के लिए मेवे के लड्डू एवं मौसमी फल भी उपलब्ध कराए जाते हैं।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल उपाधीक्षक एवं शासकीय किचन के नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र वर्मा तथा अस्पताल सहायक अधीक्षक डॉ.एम.एल. माहौर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel



