MP में डॉक्टरों की हड़ताल: 22 नवंबर से काम बंद का ऐलान,

भोपाल। मध्यप्रदेश के मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स और स्टाफ ने हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। 22 नवंबर से प्रदेश के सभी 13 मेडिकल कॉलेज में काम बंद रहेगा। हड़ताल पर जाने से मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।
दरअसल, प्रदेश के 13 मेडिकल कॉलेजों में प्रदेश सरकार प्रशासक की नियुक्त करने की तैयारी कर रही है। जिसे लेकर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स ने विरोध जताया है। डॉक्टरों का कहना है कि पहले ही मेडिकल कॉलेज की निगरानी के लिए चेयरमैन के तौर पर संभागायुक्त नियुक्त रहते हैं। इसके बावजूद भी प्रशासक की नियुक्ति किया जा रहा है, जो कि गलत है और हमारे काम में हस्तक्षेप किया जा रहा है।
इसी को लेकर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स हड़ताल पर जाएंगे। सोमवार को डॉक्टर्स काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे। अगर इसके बाद भी समस्या का निराकरण नहीं होता है, तो सभी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर एक साथ हड़ताल पर चले जाएंगे। जिसके कारण मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
बता दें कि पहले भी प्रशासक की नियुक्ति को लेकर प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन डॉक्टर्स के विरोध को देखते हुए उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। एक बार फिर प्रशासक की नियुक्ति को लेकर कैबिनेट में प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है, जिसका डॉक्टरों ने फिर से विरोध शुरू कर दिया है।

Subscribe to my channel



