हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 की तारीख बदली, अब एक की बजाय पांच अक्टूबर को मतदान

भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने हरियाणा के लिए मतदान दिवस को 1 अक्टूबर से 5 अक्टूबर, 2024 तक संशोधित किया है और तदनुसार जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना दिवस को 4 अक्टूबर से 8 अक्टूबर, 2024 तक संशोधित किया है। दरअसल, चुनाव घोषणा के कुछ दिन बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) नेता अभय सिंह चौटाला ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर चुनाव तारीख बदलने की मांग की थी। पत्र में कहा था कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 की तारीख पहले 1 अक्टूबर तय की गई थी। इस तिथि के आस-पास बिश्नोई समुदाय का धार्मिक आयोजन व लगातार छुट्टियां होने के कारण चुनाव की तिथि बदली जानी चाहिए।
भारतीय चुनाव आयोग ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 की तारीख बदलने का निर्णय बिश्नोई समुदाय के मतदान के अधिकार और परंपराओं दोनों का सम्मान करने के लिए लिया गया है, जिन्होंने अपने गुरु जम्भेश्वर की याद में आसोज अमावस्या उत्सव समारोह में भाग लेने की सदियों पुरानी प्रथा को बरकरार रखा है।

Subscribe to my channel



