यूपी में अपराधी या तो मारे गए या सलाखों के पीछे : उमा भारती

भाजपा की फायर ब्रांड नेता व मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि विपक्षी दल बौखलाहट में फिजूल बयानबाजी कर रहे हैं। यूपी में चुनावी बिगुल बज चुका है और पांच साल तक घरों में बैठने वाले दल अब बाहर निकले हैं। बिठूर के डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत के दौरान निशाना साधते हुए उमा भारती ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा का अस्तित्व उनकी करतूत के चलते समाप्त हो गया है। सपा परिवारवाद की राजनीति करती आ रही है तो कांग्रेस सिद्धांत के बिना चलती है। बसपा पत्थरों की राजनीति करती रही है। तीनों दल जब सत्ता में आए तो सुविधा की राजनीति करते रहे।
उमा भारती ने कहा कि भाजपा सरकार सुविधा नहीं बल्कि जनसेवा करती है। यह सेवाभाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साबित किया है। पूर्व मंत्री ने कहा, अपराधमुक्त समाज देना भाजपा सरकार का सपना था जो सच साबित हो रहा है। अपराधी या तो मारे गए या सलाखों के पीछे हैं। जनता भाजपा में विश्वास करती है। बीजेपी काफी संघर्ष के बाद खड़ी हुई है। अब पार्टी का परचम लहरा रहा तो विपक्षी हल्ला मचा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में रिकॉर्ड मतों से पार्टी की जीत का दावा किया।
गंगा के लिए समर्पित है मेरा जीवन
रविवार शाम को पहुंचीं उमा ने गंगा मइया को हाथ जोड़कर नमन किया। कहा, मेरा जीवन गंगा मइया के लिए समर्पित है। ऋषिकेश से गंगा सागर तक पदयात्रा का संकल्प लिया था। 19 अक्तूबर 2019 को तीन कलश के साथ गंगा यात्रा की शुरुआत की थी। ऋषिकेश में यात्रा के दौरान पैर पर चोट लग गई तो ठीक होने में दो महीने लग गए। जब बद्रीनाथ, केदारनाथ से वापस लौटी तो कोरोना की चपेट में आ गई। संकल्प पूरा करने के लिए शरद पूर्णिमा से यात्रा फिर शुरू की है। अब पैदल नहीं बल्कि कार से कर रही हूं। मकर संक्रांति को गंगा सागर पहुंचकर पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का समापन होगा। बिठूर में रात को विश्राम के साथ सोमवार सुबह गंगा स्नान व पूजन करूंगी। भाजपा मछुआरा प्रकोष्ठ की प्रदेश सह संयोजक किरण लोधी ने उमा का स्वागत किया। धर्मेंद्र पाल, पुष्कर शुक्ला, दिलीप निषाद मौजूद रहे।

Subscribe to my channel



