एथेनॉल किसके बाप के घर से ला रहे? रीवा सांसद के एथेनॉल वाले बयान पर नेहा सिंह का पलटवार

रीवा: देश भर में इन दिनों पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने को लेकर विवाद चल रहा है. एक तरफ जहां सत्ता पक्ष पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (ई20) को बढ़ावा देने की सरकारी नीति की तरीफ करते दिखाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल, वाहन चालक सहित अन्य लोग ई20 को लेकर मोदी सरकार पर लगातार हमलावर हैं. इसी बीच मध्य प्रदेश के रीवा से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद जनार्दन मिश्रा ने मंच से जनता को संबोधित करते हुए विवादित टिप्पणी की. उन्होंने कहा था कि लोग शुद्ध पेट्रोल की मांग कर रहे हैं तो “क्या शुद्ध पेट्रोल आपके बाप के घर से आएगा?” इस टिप्पणी पर विपक्षी दल कांग्रेस और लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
सांसद के विवादित बयान पर नेहा का पलटवार
तीन बार के लोकसभा सांसद जनार्दन मिश्रा के विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया में शेयर होते ही देश भर में बवाल मच गया. सोशल मीडिया यूजर्स सांसद को जमकर ट्रोल किए. इसके साथ ही लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने एक वीडियो बयान जारी कर तीखी प्रतिक्रिया दी है. वीडियो में उन्होंने बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “एथेनॉल किसके बाप के घर से आ रहा है? एक सांसद की इतनी हिम्मत की वो जनता से बदजुबानी करे. एक तो चोरी, उपर से सीना जोरी.”

Subscribe to my channel



