क्या गडकरी भी छोड़ेंगे मोदी कैबिनेट !’ मीडिया में अटकलों का दौर
नागपुर में एक कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने एक बयान दिया. इसके बाद मोदी कैबिनेट से उनके बाहर जाने की खबरें आने लगी हैं.

नई दिल्ली : मोदी कैबिनेट के विस्तार को लेकर लगातार खबरें आ रही हैं. किसे जगह मिल सकती है, किसका विभाग बदला जाएगा और किसे मंत्री पद से हटाया जा सकता है, इस पर कयास लगाए जा रहे हैं. इस बीच किसी वरिष्ठ मंत्री का बयान आ जाए, तो उसे भी इससे ही जोड़कर देखा जा रहा है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का बयान भी कुछ वैसा ही है. उन्होंने नागपुर में एक कार्यक्रम में एक बयान दिया है. इसमें उन्होंने नई पीढ़ी को मौका देने की बात कही है.
गडकरी के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं. कहा जा रहा है कि गडकरी मोदी मंत्रिमंडल छोड़ सकते हैं. हालांकि, इस तरह की खबरें कई महीनों से चल रही हैं, लेकिन आधिकारिक रूप से कोई भी कुछ नहीं बोल रहा है. खुद गडकरी ने भी यह कभी नहीं कहा है कि वह राजनीति से संन्यास लेना चाहते हैं या फिर मोदी कैबिनेट से बाहर निकलना चाहते हैं.
दरअसल, गडकरी नागपुर जिले के काटोल में “एकलव्य एकल विद्यालय शिक्षक-पर्यवेक्षक प्रशिक्षण क्लास” में शामिल होने गए थे. वहीं पर उन्होंने अपने बारे में कुछ बातें कहीं. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उन्होंने 30 साल से अधिक का सफर तय कर लिया है. गडकरी ने कहा कि उन्होंने जिस गति से काम किया है, बहुत संभव है कि वे आने वाले दिनों में उतनी गति से काम नहीं कर पाएं, वे चाहते हैं कि नई पीढ़ी यह जिम्मेदारी उठाए.
उनके इस बयान के बाद ही रिटायरमेंट को लेकर खबरें चल रही हैं. इस खबर को इसलिए भी बल मिला, क्योंकि मोदी कैबिनेट के विस्तार को लेकर मीडिया में खूब चर्चा हो रही है. यह अलग बात है कि उनके मंत्रिमंडल का विस्तार होगा या नहीं, इसके बारे में किसी को भी खबर नहीं है. मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर जितनी भी खबरें आ रही हैं, सभी अटकलों पर आधारित हैं. राजनीतिक एक्सपर्ट सिर्फ इस
आधार पर अंदाजा लगा रहे हैं कि कौन से मंत्री ने क्या बयान दिया है, उसके आधार पर अनुमान लगा रहे हैं. गडकरी के बयान को भी उसी संदर्भ में देखा जा रहा है.

Subscribe to my channel



