मध्य प्रदेश पुलिस में 7500 पदों पर निकली भर्ती, 22 से भरे जाएंगे आवेदन, 19 नवंबर को परीक्षा

भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशी की खबर है. प्रदेश पुलिस में आरक्षक के 7500 पदों पर राज्य सरकार भर्ती करने जा रही है. भर्ती प्रक्रिया मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा की जाएगी. इसके लिए मंडल ने परीक्षा का शेड्यूल और नियम जारी कर दिया है. आवेदक 22 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन भर सकेंगे. आवेदन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है. 11 अक्टूबर 2026 तक अभ्यर्थी आवेदन में संशोधन कर सकेंगे. भर्ती परीक्षा दो पालियों में 19 नवंबर को होगी. दो से अधिक जीवित बच्चे होने पर अभ्यर्थी भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे.
महिलाओं के लिए 35 फीसदी पद आरक्षित
राज्य सरकार द्वारा की जा रही इस भर्ती में 700 पद विशेष सशस्त्र बल में आरक्षक बल के लिए हैं, जबकि 6800 पद आरक्षक सामान्य ड्यूटी के लिए हैं. 6800 पदों में से 2720 पद ओपन कैटेगरी में रखे गए हैं, जबकि 35 फीसदी पदों को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है. हालांकि विशेष सशस्त्र बल के लिए होने वाली 700 पदों पर भर्ती में महिला अभ्यर्थियों को भर्ती का मौका नहीं मिलेगा. इसके अलावा ऐसे अभ्यर्थी जो मध्य प्रदेश के निवासी नहीं हैं, वे अनारक्षित ओपन कैटेगिरी में आवेदन कर सकेंगे. हालांकि, आरक्षित कैटेगिरी के अभ्यर्थियों को मध्य प्रदेश का निवासी होना अनिवार्य है.पुलिस भर्ती में सिलेक्ट होने वाले अभ्यर्थियों पर 70, 80 और 90 फीसदी वेतन का नियम लागू रहेगा. 8 सितंबर को जबलपुर हाईकोर्ट ने प्रोबेशन अवधि में सरकारी कर्मचारियों को 70, 80 और 90 फीसदी वेतन देने की व्यवस्था को असंवैधानिक बताते हुए इसे निरस्त कर दिया है. हालांकि, भर्ती में फिलहाल यह नियम लागू रहेगा. इसको लेकर राज्य सरकार ने फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया है.

Subscribe to my channel



