विधायक अभय मिश्रा का विवादित बयान- अस्पताल में सुंदर महिला की डेडबॉडी से दुष्कर्म

- रीवा : संजय गांधी अस्पताल में मरीजों से खिलवाड़ के विरोध में कांग्रेस हमलावर है. अब सेमरिया से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने विवादास्पद बयान दिया है. उनका कहना है ” संजय गांधी अस्पताल में अगर कोई सुंदर महिला की मौत होती है तो पोस्टमार्टम के दौरान यदि मौके पर परिवार के लोग उपस्थित नहीं रहते तो डेडबॉडी के साथ दुष्कर्म किया जाता है.”
राजेंद्र शुक्ला का इस्तीफा मांग रहे कांग्रेसी
विधायक अभय मिश्रा का ये बयान 4 दिन पुराना बताया जा रहा है. अभय मिश्रा भी धरनास्थल पहुंचे थे, जहां संजय गांधी अस्पताल के डॉक्टर्स व स्वास्थ मंत्री राजेंद्र शुक्ला के खिलाफ धरना चल रहा है. इस दौरान वह कुछ घंटे विरोध में मौनव्रत पर रहे. इसके बाद भाषण में इस प्रकार का विवादास्पद बयान दिया. संजय गांधी अस्पताल में महिला की मौत के विरोध में बीते दिनों कांग्रेस युवा मोर्चा के नेताओं ने स्वास्थ मंत्री के आवास का घेराव किया था. इस घटना को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं पर नामजद FIR दर्ज हुई थी.
रीवा के सिरमौर चौराहे पर धरना जारी
महिला की मौत के बाद रीवा के सिरमौर चौराहे पर अभी भी धरना जारी है. कांग्रेस के कई दिग्गज नेता भी धरनास्थल पर पहुंच चुके हैं. पीड़ितों की मांग है कि महिला की मौत के मामले में दोषी डॉक्टरों खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस घटना के जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. इसके साथ ही स्वास्थ मंत्री राजेंद्र शुक्ला का इस्तीफा होना चाहिए.
बीजेपी विधायक ने दिया करारा जवाब
कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा पर पलटवार करते हुए बीजेपी विधायक नरेन्द्र प्रजापति ने कहा “वह अपने दिमाग की जांच करवाएं. वह तो स्वयं भी संजय गांधी अस्पताल से ठीक होते हैं. इतिहास में कभी भी संजय गांधी अस्पताल तो क्या किसी अन्य अस्पताल में भी इस प्रकार की घटना सुनने को नहीं मिली है. इस तरह का बयान तो सिर्फ मानसिक विकृति है.”

Subscribe to my channel



