सिंधिया ने पोहरी में माधव ज्योति इंटरनेशनल स्कूल का किया उद्घाटन, सुरेश धाकड़ बोले—न टिकट चाहिए, न मंत्री पद, मुझे तो सिर्फ

ताजा ख़बरें शिवपुरी

पोहरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को ग्वालियर से पोहरी विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां मोहना से लेकर पोहरी तक विभिन्न स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। क्षेत्र में विधानसभा चुनाव के संभावित दावेदारों और समर्थकों ने भी जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए। पोहरी में सिंधिया ने पूर्व मंत्री सुरेश धाकड़ के निजी शिक्षण संस्थान माधव ज्योति इंटरनेशनल स्कूल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

No Slide Found In Slider.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि स्वर्गीय माधवराव सिंधिया के नाम पर सुरेश धाकड़ ने जो शिक्षण संस्थान स्थापित किया है, वह आने वाले समय में केवल मध्यप्रदेश या देश में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान और ख्याति अर्जित करेगा। उन्होंने विद्यालय की स्थापना को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

सिंधिया ने कहा कि सिंधिया परिवार का पोहरी और क्षेत्र की जनता से गहरा पारिवारिक जुड़ाव रहा है। क्षेत्र के विकास के लिए परिवार ने हमेशा प्रयास किए हैं और आगे भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने क्षेत्र में प्रस्तावित सिंचाई एवं विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके पूरा होने से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और विकास की गति और तेज होगी।

‘हल जोतने वाले किसान को आपने कहां से कहां पहुंचा दिया’

पूर्व मंत्री सुरेश धाकड़ ने अपने संबोधन में सिंधिया परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कभी गांव में खेती-किसानी करते थे और हल जोतते थे, लेकिन सिंधिया परिवार के आशीर्वाद और सहयोग से उन्हें सार्वजनिक जीवन में इतनी बड़ी जिम्मेदारी और पहचान मिली।

उन्होंने कहा कि वे जनता के बीच हमेशा बेटा, भाई और भतीजा बनकर पारिवारिक संबंध बनाए रखने का प्रयास करेंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से सिंधिया परिवार के साथ अपने रिश्ते को बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस संबंध को कमजोर नहीं होने देना चाहिए।

टिकट और मंत्री पद को लेकर बयान से राजनीतिक चर्चाएं तेज

कार्यक्रम के दौरान सुरेश धाकड़ के एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया। उन्होंने कहा, “मुझे न विधायक का टिकट चाहिए, न विधायक बनना है और न ही मंत्री पद चाहिए। मुझे तो सिर्फ सिंधिया परिवार का आशीर्वाद चाहिए।”

उनके इस बयान के बाद पोहरी विधानसभा की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। जहां उनके बयान को सिंधिया परिवार के प्रति समर्पण और निष्ठा के रूप में देखा जा रहा है, वहीं राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावों के संदर्भ में भी जोड़कर देख रहे हैं।

पोहरी विधानसभा में टिकट के अन्य दावेदारों के बीच भी इस बयान को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि सुरेश धाकड़ वास्तव में चुनावी राजनीति से दूरी बनाने का संकेत दे रहे हैं या उनके बयान के राजनीतिक मायने कुछ और हैं, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। फिलहाल उनके इस बयान ने पोहरी की राजनीति में एक नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।

Chief Editor JKA