जन्मदिन पर गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने किया उपचार केंद्र का भूमिपूजन

बरेली। मध्य प्रदेश शासन के चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने अपने जन्मदिन के अवसर पर बरेली स्थित ‘टीम पहल द्वारा संचालित गौ जीव सेवा आश्रम’ पहुंचकर गौसेवा एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने आश्रम परिसर में प्रस्तावित गौ उपचार केंद्र का विधिवत भूमिपूजन किया तथा टीम पहल की मानद सदस्यता भी ग्रहण की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्री पटेल ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। टीम पहल द्वारा संचालित सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने संस्था के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि निराश्रित एवं बीमार गौवंश की सेवा के लिए किया जा रहा कार्य वास्तव में प्रशंसनीय और अभिनंदनीय है।
श्री पटेल ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसर को समाजहित और सेवा कार्यों से जोड़ना उनके लिए सौभाग्य की बात है। गौ जीव सेवा आश्रम में उपचार केंद्र का निर्माण होने से बीमार एवं घायल गौवंश को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे पशु कल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
इस अवसर पर राज्य मंत्री ने टीम पहल के सदस्यों के साथ ‘#एक_पेड़_माँ_के_नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है।
कार्यक्रम में टीम पहल के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने राज्य मंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

Subscribe to my channel



