करोड़ों की शासकीय भूमि अतिक्रमण से मुक्त

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर करैरा प्रशासन ने हाईवे स्थित सिरसौंद चौराहे पर करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराकर शासन के कब्जे में ले लिया। संयुक्त कार्रवाई के बाद भूमि ग्राम पंचायत को सुपुर्द कर दी गई।
जानकारी के अनुसार तहसील करैरा की ग्राम पंचायत घसारही के सर्वे क्रमांक 177, रकबा 1.50 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर दो लोगों द्वारा सीमेंट के पिलर लगाकर फेंसिंग कर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत प्रशासन को मिली थी। शिकायत के बाद एसडीएम अनुपम शर्मा एवं तहसीलदार ललित शर्मा राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे और अवैध निर्माण हटाकर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद चौकीदार ने बताया कि निर्माण कार्य सिंचाई विभाग द्वारा कराया जा रहा है। प्रशासन ने तत्काल विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया, जिन्होंने किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य कराने से स्पष्ट इनकार कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने अवैध कब्जा हटाते हुए शासकीय भूमि को अपने कब्जे में लिया और स्थल पर सूचना पट्ट भी स्थापित कराया।
एसडीएम अनुपम शर्मा ने कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में प्रशासन की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Subscribe to my channel



