मध्य प्रदेश पुलिस की धाकड़ आरक्षक वर्षा पटेल, बर्फीली हवाओं को चीर माउंट एल्ब्रुस पर गाढ़ा तिरंगा
जबलपुर की महिला आरक्षक वर्षा पटेल का कमाल, यूरोप के 5,642 मीटर ऊंचे माउंट एल्ब्रुस पर फहराया तिरंगा. विश्वजीत सिंह की रिपोर्ट.

जबलपुर: मध्य प्रदेश पुलिस की महिला आरक्षक वर्षा पटेल ने यूरोप की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा फहराया है. 21 अगस्त को सुबह 9 बजकर 7 मिनट पर वर्षा ने 18,510 फीट यानी 5,642 मीटर ऊंचे एल्ब्रुस के शिखर पर पहुंचकर भारत का राष्ट्रीय ध्वज और मध्य प्रदेश पुलिस का झंडा लहराया. वर्षा पटेल जबलपुर पुलिस की आरक्षक हैं और जबलपुर के गढा में रहती हैं. मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक के पद पर पोस्टेड हैं. वर्षा बचपन से ही खेलों में रुचि रखती थीं. वे राष्ट्रीय स्तर पर बेसबॉल की खिलाड़ी भी रह चुकी हैं. उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 10 से ज्यादा पदक जीते हैं.
ऑस्ट्रेलिया के बाद यूरोप की चोटी पर सफलता
नौकरी में आने के बाद भी वर्षा का कुछ अलग करने का जुनून बाकी था, इसलिए उन्होंने विभाग से परमिशन लेकर पर पर्वतारोहन शुरू किया. 2024 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी माउंट कोज़ियास्को पर तिरंगा फहराया था. इस उपलब्धि के साथ वह मध्य प्रदेश पुलिस की पहली महिला आरक्षक बनी थीं, जिन्होंने इस शिखर को फतह किया और अब यूरोप के एल्ब्रुस पर सफलता के साथ उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण अभियान में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है.

Subscribe to my channel



