दूल्हे को घोड़ी के चक्कर में भरना पड़ा चालान, गोबर करने पर कार्रवाई
ग्वालियर में घोड़ी पर चढ़े दूल्हे पर नगर निगम ने ठोका चालान, गोबर की गंदगी पर 500 जुर्माना

ग्वालियर में घोड़ी पर बैठे एक दूल्हे पर नगर निगम ने जुर्माना ठोका। वजह थी कि जिस घोड़ी पर दूल्हा बैठा था उसने सड़क पर गोबर कर दिया था और इससे फैली गंदगी के कारण नगर निगम की टीम ने चालानी कार्रवाई की। घोड़ी का मालिक साथ नहीं था तो चालान का जुर्माना दूल्हे को अपनी जेब से भरना पड़ा। जब दूल्हे ने 500 रुपए का जुर्माना चुका दिया तब बारात आगे बढ़ सकी।
अभी शादी का सीजन चल रहा है और सड़कों पर बारातों के निकलने के कारण रोज जाम की स्थिति बनती है। एक रोचक मामला भी सामने आया है। रविवार की सुबह बैंड बाजों के साथ सराफा बाजार से बरात निकल रही थी, दूल्हा घोड़ी पर बैठा था और अचानक घोड़ी ने गोबर कर दिया। घोड़ी के गोबर करने पर सड़क पर गंदगी फैल गई और उसी दौरान नगर निगम की टीम भी वहां पहुंच गई। नगर निगम के अमले ने गंदगी देखकर बरात को रुकवा लिया।
नगर निगम के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पवनानी ने गंदगी फैलाने पर 500 रुपए जुर्माना चुकाने को कहा लेकिन मौके पर घोड़ी का मालिक नहीं था।आधा घंटे तक बहस हुई और बारात को आगे बढ़ाने के लिए दूल्हे को ही 500 रुपए देना पड़़े। नगर निगम ने चालान काटकर थमा दिया। नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल ने बताया कि गंदगी फैलाने वालों पर लगातार शहर में जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान अगर कोई भी गंदगी फैलाते हुए नजर आता है तो उसके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।

Subscribe to my channel



