चेतना मंच दशहरे में श्री राम कथा का भव्य मंचन 24 को
किर्गिस्तान एवं मलेशिया के कलाकार होंगे मुख्य आकर्षण''

चेतना मंच के तत्वाधान में शताब्दीपुरम् स्थित नवीन दशहरा मैदान में 19वें विशाल दशहरा समारोह का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में किर्गिस्तान एवं मलेशिया के कलाकारों की पारम्परिक नृत्य प्रस्तुतियाँ, रामचरित मानस पर आधारित ”संगीत नाटिका” ”श्री रामकथा” तथा 65 फीट के रावण का दहन विशेष आकर्षण का केन्द्र होगा।
चेतना मंच के अध्यक्ष दीपक तोमर एवं संरक्षक ब्रजेश यादव द्वारा दी गयी जानकारी में बताया कि, नवीन दशहरा मैदान शताब्दीपुरम् में 19वें दशहरा समारोह में किर्गिस्तान के 12 एवं मलेशिया के 10 कलाकारों के दल विशेष रूप से अपनी प्रस्तुति देने आ रहे हैं। ग्वालियर महानगर में तथा सम्भवतः म.प्र. में प्रथम बार विदेशी कलाकरों की दशहरे पर प्रस्तुतियाँ होगी। जिसमें मलेशिया के दल द्वारा ”नागजत” तथा किर्गिस्तान के दल द्वारा ”काराजोरगो” नृत्य की प्रस्तुती दी जायेगी। ये नृत्य इन देशों के पारम्परिक नृत्य हैं जो ”जीत” के अवसर किये जाते है। गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी 65 फीट के रावण का दहन किया जायेगा जो सम्भवतः नगर में सबसे बड़ा रावण दहन होगा।
चेतना मंच के उपाध्यक्ष डॉ. अरविन्द मित्तल एवं रामप्रकाश परमार ने बताया कि मंचन ”श्रीराम कथा” के निर्देशक बृजकिशोर दीक्षित है, जिसमें 80 कलाकार इस मनमोहक संगीत नाटिका में रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर प्रस्तुती देगें। एक घण्टा तीस मिनट अवधि की इस श्रीराम कथा में शिव विवाह का भव्य मंचन होगा, जिसमें नंदी महाराज का नृत्य, शिवजी की विशाल बारात मुख्य आकर्षण होगी। जिसमें भूत-प्रेत एवं देवी-देवता नृत्य करते हुये दिखाई देगें। इसके उपरांत राम जन्म, ताड़का वध, लंका दहन, लक्ष्मण शक्ति, राम-रावण युद्ध आदि प्रसंगों को बहुत ही आकर्षक रूप में विशेष लाइट व्यवस्था के साथ प्रस्तुत किया जायेगा। कार्यक्रम के अन्त में 65 फीट के रावण मेघनाथ एवं कुम्भकरण के विशाल पुतलों का दहन किया जायेगा जो सम्भवतः नगर मे सबसे बड़े रावण का पुतला होगा।

Subscribe to my channel



