पर्चे में लिखा था बेटा होने का योग है बशर्ते… बेटी जन्मी तो भड़का बाबा बागेश्वर का भक्त

दो साल से लगातार बागेश्वर धाम के प्रति श्रद्धाभाव रखकर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दरबार में पहुंचने वाले एक भक्त की आस्था डोल गई. ये भक्त 3 बेटियों का पिता है. मन में बेटे की चाहत हिलोरें मार रही थीं. इस भक्त ने बाबा बागेश्वर के दरबार में अर्जी लगाई. आरोप है कि बाबा बागेश्वर ने बताया कि तुम्हारे परिवार में बेटे का योग बन रहा है. इसके बाद भक्त ने चौथी संतान की प्लानिंग की. लेकिन जब बेटे की जगह बेटी ने जन्म लिया तो बागेश्वर के इस भक्त की सारी आस्था गायब हो गई. वहीं, बागेश्वर धाम प्रबंधन का कहना है कि आरोप लगाने वाले को दरबार में बुलाएंगे और बात करेंगे.
पर्चे में पत्नी को प्रेतबाधा बताया
उत्तर प्रदेश के मऊरानीपुर के रहने वाले शख्स का आरोप है “वह साल मार्च 2024 से नियमित रूप से बागेश्वर धाम जाने लगा. बागेश्वर धाम में पं. धीरेन्द्र शास्त्री के दरबार में उसने अर्जी लगाई थी. अर्जी के जवाब में बाबा बागेश्वर ने पर्चे में लिखा घर में प्रेत मसान और अघोरी का साया है. पत्नी को भी प्रेत बाधा की समस्या बताई. पर्चे में ये भी लिखा कि परिवार में पुत्रयोग बन रहा है.” उसका कहना है “मेरी पहले से 3 लड़कियां हैं. छोटी बेटी उस समय 10 साल की थी.” बागेश्वर धाम के भक्त रहे शख्स का आरोप है “पर्ची में बेटे का योग देखकर पत्नी के दबाव के कारण उसने 2025 में बच्चे की प्लानिंग की. 11 जून 2026 को पुत्री का जन्म हुआ. इसके बाद वह पत्नी को लेकर 19 सितम्बर को फिर बागेश्वर धाम पहुंचा. जब उसने पं. धीरेन्द्र शास्त्री को उनकी पर्ची के बारे में बताया और कहा कि उसके साथ धोखा हुआ है.इस पर बाबा बागेश्वर ने उसे दरबार से भगवा दिया.”
शख्स का कहना है कि इसके बाद उसने महाराष्ट्र अंधश्रध्दा निर्मूलन समिति से संपर्क किया. समिति ने उसे बेटा-बेटी के बीच फर्क नहीं करने की समझाइश दी और अंधविश्वास में नहीं पड़ने की सलाह भी दी.

Subscribe to my channel



