डॉ. जितेंद्र अग्रवाल को मिली एफआईएएसीसी की अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप, डीन डॉ धाकड़ ने दी बधाई
- एनेस्थीसिया, क्रिटिकल केयर और पेन मेडिसिन के क्षेत्र में अकादमिक उत्कृष्टता व योगदान के लिए मिला सम्मान

ग्वालियर, 30 सितंबर 2026। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के इमरजेंसी मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. जितेंद्र अग्रवाल को चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय अकादमिक एवं व्यावसायिक योगदान के लिए इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ एनेस्थीसिया एंड क्रिटिकल केयर की फेलोशिप प्रदान की गई है। उन्हें एफआईएएसीसी की उपाधि से दिल्ली में हुए कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
डॉ. जितेंद्र अग्रवाल जीआरएमसी में क्रिटिकल केयर और इमरजेंसी मेडिसिन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। विभाग में गंभीर मरीजों की एनेस्थीसिया और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के साथ चिकित्सकीय प्रशिक्षण एवं अकादमिक गतिविधियां भी संचालित की जाती हैं। जीआरएमसी डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने प्रो. डॉ. जितेंद्र अग्रवाल को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके अकादमिक योगदान और चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर कार्य का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां संस्थान के अन्य चिकित्सकों और विद्यार्थियों को भी चिकित्सा एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

Subscribe to my channel



