जयस नेता ने गौरव जनजातीय कार्यक्रम को लेकर भाजपा पर लगाए आरोप

जयस संगठन के अध्यक्ष अंतिम मुजाल्दा ने आरोप लगाया है कि बिरसा मुंडा जयंती पर भाजपा द्वारा आयोजित जनजातीय गौरव दिवस में संविधान में आर्टिकल 275(1) के तहत मिले करोड़ों रुपए को खर्च किया जा रहा है। जबकि यह राशि आदिवासियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए होती है। जयस अध्यक्ष ने गौरव दिवस पर आर्टिकल 275 (1) की राशि का आयोजन पर खर्च का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस एक राजनीतिक कार्यक्रम है और संविधान के आर्टिकल 275 (1) की राशि को उसमें व्यय नहीं किया जा सकता है।
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल 20 जिलों में समाज के युवाओं में पैठ बनाए हुए जय युवा आदिवासी शक्ति (जयस) अब गौरव दिवस के खिलाफ उतर आया है। संगठन के अध्यक्ष अंतिम मुजाल्दा ने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश के ढाई करोड़ आदिवासियों को जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नहीं मना पाए तो अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मनाने बुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे भाजपा पहले आदिवासियों के हित की पांचवीं व छठवीं अनुसूची, पैसा कानून, पट्टा कानून, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी जैसी परेशानियों को दूर कर दें।
जयस नेता मुजाल्दे ने कहा कि प्रदेश में ढाई करोड़़ से ज्यादा आदिवासी हैं जिन्हें भाजपा विधानसभा चुनाव 2023 और लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए अब मनाने में जुटी है। मुजाल्दे ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसा है कि वे जब इन आदिवासियों को नहीं मना पाए तो अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुला रहे हैं। मगर उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक आदिवासियों को पांचवीं और छठवीं अनुसूची, पैसा कानून, पट्टा कानून का पूरा लाभ नहीं मिल जाएगा और उनके लोगों को अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व रोजगार की गारंटी नहीं मिल जाएगी तब तक उनके प्रयास सफल नहीं होंगे। मुजाल्दे ने कहा कि जयस संगठन द्वारा प्रदेश भर में बिरसा मुंडा की जयंती पर कार्यक्रम किए जाएंगे।

Subscribe to my channel



