13 सितंबर को शिवपुरी में निकलेगी भव्य धाकड़ समाज की शोभायात्रा, हजारों समाजबंधुओं के जुटने की उम्मीद

शिवपुरी। भगवान श्री बलराम जी के जन्मोत्सव के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी धाकड़ (किरार) समाज द्वारा 13 सितंबर 2026, रविवार को शिवपुरी में भव्य शोभायात्रा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समाजबंधुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शोभायात्रा में शिवपुरी जिले के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में समाज के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
समाज द्वारा आसपास के जिलों में निवासरत धाकड़ समाज के सभी बंधुओं से विशेष अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिवपुरी पहुंचकर भगवान श्री बलराम जी की शोभायात्रा में शामिल हों और आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। समाज के युवाओं द्वारा गांव-गांव पहुंचकर तथा समाज के वरिष्ठजनों से मुलाकात कर लोगों को 13 सितंबर को आयोजित होने वाली शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का संदेश दिया जा रहा है।
किरार छात्रावास से शुरू होगी शोभायात्रा
कार्यक्रम के तहत 13 सितंबर को प्रातः 9 बजे किरार छात्रावास से भगवान श्री बलराम जी की भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी पार्क स्थित मानस भवन पहुंचेगी। शोभायात्रा में समाजबंधुओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर यात्रा की शोभा बढ़ाने की अपील की गई है।
समाज की ओर से कहा गया है कि सभी समाजबंधु इस दिन अपने प्रतिष्ठान एवं निजी कार्यों को यथासंभव छोड़कर अपने आराध्य देव भगवान श्री बलराम जी की शोभायात्रा में शामिल हों और समाज की एकता, भाईचारे एवं सामाजिक सहभागिता का परिचय दें।
प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान
शोभायात्रा के बाद दोपहर 2 बजे गांधी पार्क स्थित मानस भवन में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शिवपुरी जिले के धाकड़ (किरार) समाज के वर्ष 2026 में कक्षा 12वीं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।आयोजकों ने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए अपनी अंकसूची की छायाप्रति आयोजन समिति तक उपलब्ध कराएं, ताकि प्रतिभाओं का सम्मान किया जा सके।
समाज के आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन केवल एक शोभायात्रा नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कार, प्रतिभा और आपसी भाईचारे का उत्सव है। इसलिए जिले सहित आसपास के सभी जिलों के धाकड़ समाजबंधु अधिक से अधिक संख्या में शिवपुरी पहुंचकर आयोजन को सफल बनाएं।
आयोजक एवं निवेदक — समस्त धाकड़ (किरार) समाज, जिला शिवपुरी

Subscribe to my channel



