कैलारस में गूंजे ‘जय श्री बलराम’ के जयकारे, धाकड़ समाज ने निकाला भव्य चल समारोह
शक्कर कारखाने से शांतनु पार्क तक उमड़ा आस्था का सैलाब, राजनीतिक दलों सहित प्रबुद्धजनों ने जगह-जगह किया स्वागत

कैलारस। भगवान श्री बलराम जयंती के पावन अवसर पर कैलारस में धाकड़ (किरार) समाज की ओर से भव्य एवं गरिमामय चल समारोह निकाला गया। श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता कर भगवान श्री बलराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। चल समारोह कैलारस शक्कर कारखाने से प्रारंभ होकर बहरारा स्थित शांतनु पार्क पहुंचा। जैसे-जैसे कारवां आगे बढ़ा, वैसे-वैसे नगर में उत्साह का माहौल बनता गया। पूरे मार्ग में ‘जय श्री बलराम’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। समाज के युवा, वरिष्ठजन, महिलाएं और बच्चे पारंपरिक उत्साह के साथ समारोह में शामिल हुए।
सामाजिक एकता की दिखी मजबूत तस्वीर
चल समारोह की सबसे खास बात यह रही कि नगर में सभी राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों ने दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर समारोह का स्वागत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर समाजबंधुओं का अभिनंदन किया गया। इस दौरान सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मजबूत तस्वीर देखने को मिली।
किरार समाज के आराध्य हैं भगवान श्री बलराम
भगवान श्री बलराम किरार समाज के आराध्य देव हैं। उनका जीवन पराक्रम, परिश्रम, सत्य, धर्म और किसान संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। बलराम जयंती के अवसर पर समाजजनों ने भगवान श्री बलराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने तथा समाज में एकता, संस्कार, शिक्षा और भाईचारे को और मजबूत करने का संदेश दिया। भव्य चल समारोह के दौरान कैलारस की सड़कों पर उमड़ा जनसमूह समाज की एकजुटता और आस्था का प्रतीक बना रहा। आयोजन ने न केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावना को मजबूती दी, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव का भी प्रभावशाली संदेश दिया।

Subscribe to my channel



