ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन बना निवेशकों की पसंद, 1550 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले

मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव ने मंगलवार (4 अगस्त) को मुंबई में राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ग्वालियर में स्थापित होने जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में निवेश के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया। इस दौरान निवेशकों ने भी ग्वालियर में बन रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में निवेश के लिए रुचि दिखाई और 1550 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सीएम मोहन यादव के सामने रखे। इस दौरान सीएम ने कहा कि गत ढाई वर्ष में राज्य सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों-नियमों के कारण मध्यप्रदेश में लगभग हर क्षेत्र में अभूतपूर्व निवेश प्राप्त हुआ है। यह क्रम निरंतर जारी है।
टीएमजेड एक विशेष सौगात- सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन एक नई और विशेष सौगात है, जो नई दिल्ली-एनसीआर से ज्यादा दूर नहीं है। बदलते दौर में राज्यों के बीच सौहार्द्रपूर्ण संबंध बनाते हुए मध्यप्रदेश ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश में एमएसएमई, विनिर्माण, इंजीनियरिंग, रक्षा उत्पादन, टेक्सटाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अनेक क्षेत्रों में तेजी से निवेश बढ़ रहा है। ‘मेक इन एमपी’ और ‘मेड इन एमपी’ जैसे अभियान उद्योग जगत का व्यापक विश्वास अर्जित करने में सफल रहे हैं।

Subscribe to my channel



